पर्यटन और व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार
झापा/सिलीगुड़ी(नेत्र बिक्रम बिमली): पश्चिम बंगाल के प्रमुख प्रवेश द्वार बागडोगरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित होने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सुगम बनाने के लिए भारत ने नेपाल के पूर्वी हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) के उपयोग का प्रस्ताव रखा है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण द्वारा इस प्रस्ताव का तकनीकी अध्ययन शुरू किए जाने के साथ ही दोनों पड़ोसी देशों के बीच विमानन सहयोग और क्षेत्रीय संपर्क के एक नए अध्याय की शुरुआत होने की उम्मीद जगी है।
भौगोलिक निकटता के कारण बागडोगरा हवाई अड्डे पर बड़े और अंतरराष्ट्रीय विमानों की लैंडिंग व टेकऑफ के दौरान यदि नेपाल के पूर्वी हवाई मार्ग का उपयोग होता है, तो उड़ान की दूरी काफी कम हो जाएगी। विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, इससे विमानन कंपनियों के ईंधन की बचत होगी, परिचालन लागत घटेगी और यात्रियों को तेज व किफायती हवाई सेवा मिल सकेगी।
इस कदम का सीधा लाभ सिलीगुड़ी सहित दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, डुआर्स और सिक्किम के पर्यटन व व्यापार क्षेत्र को मिलने की संभावना है। वर्तमान में विदेशी पर्यटकों को कोलकाता या दिल्ली होकर बागडोगरा आना पड़ता है। सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार से विदेशी पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होगा, वहीं दार्जिलिंग की चाय, कलिम्पोंग की इलायची और सिक्किम के जैविक उत्पादों के अंतरराष्ट्रीय निर्यात को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
दूसरी ओर, भारत की इस पहल के साथ ही नेपाल द्वारा लंबे समय से मांग किए जा रहे पश्चिमी हवाई प्रवेश मार्गों महेंद्रनगर और नेपालगंज को खोलने पर भी सकारात्मक द्विपक्षीय संवाद आगे बढ़ने की उम्मीद है। इससे नेपाल के भैरहवा और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के व्यावसायिक संचालन को भी बल मिलेगा। आपसी सहयोग और पारस्परिक लाभ पर आधारित यह पहल दोनों देशों के विमानन, पर्यटन और आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है।





