नई दिल्ली: शनिवार बहरीन के विदेश मंत्रालय की तरफ से एक बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने ईरान द्वारा बहरीन और कुवैत पर किए गए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। बीबीसी उर्दू के हवाले से पता चला है कि बहरीन ने साफ कह दिया है कि मिसाइल, ड्रोन और बारूदी सुरंगें बिछाकर कभी भी शांति और अमन कायम नहीं किया जा सकता।बहरीन ने ईरान को सीधे चेतावनी देते हुए कहा, “ईरान तुरंत इन बेवजह के हमलों को बंद करे। आज जो लोग मिसाइल और ड्रोन दाग रहे हैं, उनके पास अब बस दो ही रास्ते बचे हैं- या तो वो शांति और आपसी सहयोग का रास्ता चुन लें, नहीं तो खुद को दुनिया से एकदम अलग-थलग (isolated) समझें।” बहरीन ने ईरान से यह भी मांग की है कि वो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बिना किसी पाबंदी या टैक्स के पूरी तरह से खोल दे।अपनी सुरक्षा पर बात करते हुए बहरीन ने साफ लहजे में कहा कि देश की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा उनकी ‘लक्ष्मण रेखा’ है, जिससे कोई समझौता नहीं होगा। बहरीन के मुताबिक, ईरान की यह हरकत अंतरराष्ट्रीय कानूनों और यूएन चार्टर का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन है। बहरीन ने यह भी साफ कर दिया है कि अपनी रक्षा के लिए वो कोई भी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा और इस मामले में उसके दोस्त देश और सहयोगी उसके साथ मजबूती से खड़े हैं।











