काेलकाता: बंधन बैंक ने मास्टरकार्ड के सहयोग से चार नए वेरिएंट्स के साथ अपना नया क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो लॉन्च किया है। ग्राहकों को नवोन्मेषी और समावेशी वित्तीय समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैंक ने स्पार्क्स, इग्नाइट, फ्लेयर और ल्यूमिना नाम से चार अलग-अलग क्रेडिट कार्ड पेश किए हैं। इन क्रेडिट कार्डों का अनावरण बंधन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता, मास्टरकार्ड के भारत एवं दक्षिण एशिया अध्यक्ष गौतम अग्रवाल, बैंक के कार्यकारी निदेशक राजिंदर कुमार बब्बर तथा क्रेडिट कार्ड प्रमुख पीयूष झा की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।विभिन्न ग्राहक वर्गों की अलग-अलग जरूरतों और खर्च करने की आदतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इन कार्डों में कई आकर्षक सुविधाएं दी गई हैं। स्पार्क्स कार्ड किराना और परिधान पर खर्च के लिए विशेष रिवार्ड, वेलकम बोनस, घरेलू हवाई अड्डों पर लाउंज एक्सेस और ईंधन अधिभार में छूट प्रदान करता है। वहीं इग्नाइट कार्ड किराना और यात्रा पर खर्च के लिए विशेष रिवार्ड, माइलस्टोन रिवार्ड तथा घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय लाउंज एक्सेस की सुविधा देता है। यात्रा पर केंद्रित फ्लेयर कार्ड के साथ अमेजन पे वाउचर, लाउंज एक्सेस, बुकमायशो, ईज़ीडाइनर और गोल्फ से जुड़े विशेषाधिकार मिलते हैं। इसके अतिरिक्त प्रिमियम लाइफस्टाइल पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए बनाए गए ल्यूमिना कार्ड में अंतरराष्ट्रीय खर्च पर प्रीमियम रिवार्ड, ओबेरॉय गिफ्ट वाउचर, कंसीयर्ज सेवाएं, हवाई अड्डों पर मीट-एंड-ग्रीट सेवाएं और गोल्फ विशेषाधिकार शामिल हैं।लॉन्च के अवसर पर बैंक के सीईओ पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता ने कहा कि क्रेडिट कार्ड का लॉन्च बैंक की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह डिजिटल-प्रथम भारत की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में एक सहज प्रयास है। वहीं मास्टरकार्ड के भारत एवं दक्षिण एशिया अध्यक्ष गौतम अग्रवाल ने कहा कि भारत में क्रेडिट क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और यह साझेदारी ग्राहकों को अत्यधिक लाभदायक और प्रासंगिक सेवाएं प्रदान करेगी। इच्छुक ग्राहक बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या नजदीकी शाखा में संपर्क कर सकते हैं। बंधन बैंक वर्तमान में ६,४०० से अधिक बैंकिंग केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से ३.२ करोड़ से अधिक ग्राहकों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है।





