नई दिल्ली: दक्षिणी फिलीपींस में शुक्रवार शाम एक बार फिर तेज भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण(यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे-
यूएसजीएस) के मुताबिक, ६.७ तीव्रता के इस शक्तिशाली भूकंप के कारण स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई।
यूएसजीएस के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम ७:४२ बजे आया। इसका केंद्र दक्षिणी द्वीप माइंडानाओ के सारंगानी शहर से करीब २१ किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में समुद्री क्षेत्र में था। यह भूकंप जमीन की सतह से करीब ६५.७ किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया।
भूकंप के तुरंत बाद कोई सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है, हालांकि प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यह झटका ऐसे समय में आया है जब फिलीपींस हाल ही में आए एक विनाशकारी भूकंप की त्रासदी से उबरने की कोशिश कर रहा है। इसी महीने की शुरुआत में आए एक शक्तिशाली भूकंप के कारण ८० से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और माइंडानाओ के कई हिस्सों में भारी तबाही मची थी।
फिलीपींस दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित देशों में गिना जाता है। यह देश प्रशांत महासागर के “रिंग ऑफ फायर” क्षेत्र में स्थित है, जहां टेक्टोनिक प्लेटों की लगातार हलचल के कारण भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां बेहद आम हैं।










