नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले नेता बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को भी पीछे छोड़ दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दुनिया भर के शीर्ष नेताओं और राष्ट्राध्यक्षों से उन्हें लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं।
इसी सिलसिले में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने एक्स पर लिखा कि वे भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई देते हैं। उन्होंने आगे कहा कि श्रीलंका हमारी घनिष्ठ साझेदारी को बेहद महत्व देता है और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने को लेकर आशान्वित है। वहीं मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए कहा कि भारत के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के पद पर रहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि मालदीव आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के लिए भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने को उत्सुक है।
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी सोशल मीडिया पर अपनी शुभकामनाएं साझा करते हुए लिखा कि भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई। उनके अनुसार यह उपलब्धि भारत के विकास, समृद्धि और वैश्विक स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने में उनके वर्षों की समर्पित जनसेवा और नेतृत्व का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इस वैश्विक सराहना के बीच भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी प्रधानमन्त्री मोदी को शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि यह मील का पत्थर प्रधानमंत्री मोदी के दशकों की समर्पित जनसेवा और उनके सशक्त नेतृत्व की कहानी बयां करता है।










