प्रधानमंत्री मोदी और कैप्टन मच्छर को इज़राइल के स्वतंत्रता दिवस पर नेतन्याहू का निमंत्रण

IMG-20261004-WA0037

नयाँ दिल्ली: इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उड़ान के दौरान कॉकपिट के भीतर हुए आतंकवादी हमले को विफल कर सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने में सफल भारतीय पायलट स्मित मच्छर की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘विश्व का नायक’ बताया है।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छर और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इज़राइल के आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष मशाल प्रज्वलित करने के लिए निमंत्रण भी दिया है।
शनिवार को टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छर के साहस और धैर्य की प्रशंसा करते हुए कहा, “आप भारत और इज़राइल के वीर लोगों के सच्चे नायक हैं और पूरे विश्व के नायक हैं। मैं आपको और अपने प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हमारे आगामी स्वतंत्रता दिवस पर विशेष मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित करता हूँ।”
गत ३० सितंबर को दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भरने वाली ‘फ्लाईदुबई’ की उड़ान संख्या एफ़ज़ेड १०७३ में ओमानी सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट के भीतर ही कैप्टन मच्छर पर धारदार हथियार से हमला कर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया था।
गंभीर रूप से घायल होने और दृष्टि धुंधली हो जाने के बावजूद कैप्टन मच्छर कॉकपिट का दरवाज़ा खोलने में सफल रहे। इसके बाद बाहर मौजूद चालक दल के सदस्यों और यात्रियों ने कॉकपिट में प्रवेश कर हमलावर को काबू में कर लिया। विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई, जिससे विमान में सवार सभी १७४ लोगों की जान बच गई।
कैप्टन मच्छर ने कहा कि उन्होंने अंतिम सांस तक लड़कर भी लोगों की जान बचाने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इस घटना को ‘असाधारण साहस’ करार देते हुए घायल पायलट मच्छर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

About Author

Advertisement