वलदाई महल में २७ एंटी-मिसाइल टावर तैनात, ड्रोन हमलों से बचाव के लिए कड़ा सुरक्षा घेरा
नई दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की सुरक्षा को अभूतपूर्व स्तर तक बढ़ा दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके पसंदीदा वलदाई महल परिसर में अब कुल २७ एयर डिफेंस टावर लगाए जा चुके हैं, जिनमें एंटी-मिसाइल और ड्रोन-रोधी सिस्टम शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में इस परिसर में ७ नए एयर डिफेंस टावर जोड़े गए, जिससे सुरक्षा ढांचा और मजबूत हो गया है। ये सिस्टम मुख्य रूप से कम ऊंचाई पर उड़ने वाले ड्रोन और संभावित हवाई खतरों को रोकने के लिए लगाए गए हैं।
वलदाई क्षेत्र, जहां यह महल स्थित है, दो झीलों और घने जंगलों से घिरा हुआ है, जिसे प्राकृतिक रूप से सुरक्षित माना जाता है। इसके बावजूद रूस ने यहां सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत की है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इस परिसर में संभावित खतरों से बचाव के लिए आधुनिक निगरानी प्रणाली, बंकर और सुरक्षित संचार ढांचे भी विकसित किए गए हैं।
इसके अलावा रूस ने केवल वलदाई ही नहीं, बल्कि अन्य महत्वपूर्ण रणनीतिक स्थानों जैसे ड्रोन उत्पादन केंद्रों और सैन्य ठिकानों पर भी एयर डिफेंस सिस्टम बढ़ाए हैं, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम मौजूदा वैश्विक सुरक्षा तनाव और ड्रोन हमलों के बढ़ते खतरे को देखते हुए उठाया गया है।









