कराची: बाबर आज़म ने खराब फॉर्म से उबरते हुए एक यादगार शतक जड़ा। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) २०२६ में पेशावर ज़ल्मी की ओर से खेलते हुए बाबर ने क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए ७८३ दिनों के लंबे इंतज़ार के बाद टी२० में शतक बनाया।
मैच में पेशावर ज़ल्मी ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए २० ओवर में ३ विकेट खोकर २५५ रन बनाए, जो पीएसएल के इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में क्वेटा की टीम १३७ रन पर ऑलआउट हो गई, जिससे पेशावर ज़ल्मी ने ११८ रन से जीत दर्ज की।
इस मैच में बाबर ने ५२ गेंदों पर नाबाद १०० रन बनाए, जिसमें ६ चौके और ४ छक्के शामिल थे। खास बात यह रही कि बाबर ने पूरी पारी में केवल एक ही डॉट बॉल खेली, जो टी२० क्रिकेट के इतिहास में एक अनोखा रिकॉर्ड है। उन्होंने सिर्फ १४वें ओवर की आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं बनाया, बाकी हर गेंद पर रन बनाए।
इस शतक के साथ बाबर ने न सिर्फ अपनी फॉर्म हासिल की, बल्कि एक खास उपलब्धि भी अपने नाम की। यह उनके टी२० करियर का १२वां शतक है, जिससे वह इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। टी२० क्रिकेट में सबसे ज्यादा २२ शतक क्रिस गेल के नाम हैं।
यह शतक बाबर के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि वह पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। यह पारी उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दे सकती है।








