कोलकाता: २३ अप्रैल को पश्चिम बंगाल में होने वाले पहले चरण के विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल २,४०७ कंपनी केंद्रीय बल तैनात किए जा रहे हैं।
पहले चरण में राज्य के उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, काेचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर तथा मालदा जिलों में मतदान होगा। इसके अलावा मुर्शिदाबाद, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम जिलों में भी पहले चरण का मतदान होगा।
चुनाव आयोग के अनुसार विभिन्न जिलों में केंद्रीय बलों की तैनाती की विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है। सबसे अधिक बल मुर्शिदाबाद जिले में तैनात किया गया है, कुल ३१६ कंपनी। इनमें मुर्शिदाबाद पुलिस जिले में २४० और जंगीपुर में ७६ कंपनी बल रहेगा।
इसके बाद पूर्व मेदिनीपुर में २७३ कंपनी बल तैनात किया जा रहा है। इस जिले में नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र होने के कारण अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। पश्चिम मेदिनीपुर में २७१ कंपनी बल तैनात किया जाएगा।
बांकुड़ा में १९३ कंपनी, बीरभूम में १७६ कंपनी और मालदा में १७२ कंपनी बल तैनात करने की योजना है। इसके अलावा पुरुलिया में १५१, काेचबिहार में १४६, उत्तर दिनाजपुर में १३२, दक्षिण दिनाजपुर में ८३, झारग्राम में ७४, दार्जिलिंग में ६१, कालिम्पोंग में २१, जलपाईगुड़ी में ९२ और अलीपुरदुआर में ७७ कंपनी बल तैनात किए जाएंगे।
शिलिगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट में ४४ कंपनी और आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नरेट में १२५ कंपनी केंद्रीय बल तैनात रहेंगे।
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सभी जिलों में सोमवार तक बलों की तैनाती पूरी करनी होगी। पहले ही कई क्षेत्रों में रूट मार्च शुरू हो चुका है। आयोग ने कहा है कि कड़े सुरक्षा प्रबंधों के जरिए मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाया जाएगा।











