पहली पारी के आधार पर अफगानिस्तान ४५१ रन पीछे; भारत मजबूत स्थिति में

IMG-20260607-WA0109

मुल्लांपुर: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारत ने अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। रविवार को खेल के दूसरे दिन भारत ने अपनी पहली पारी ८ विकेट पर ५६४ रन बनाकर घोषित की। इसके जवाब में, दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी में ३९.५ ओवर में ५ विकेट खोकर ११३ रन बना लिए हैं। अफगानिस्तान अभी भी भारत से ४५१ रन पीछे है।
​आज खेल के अंतिम क्षणों में स्पिनर मानव सुथार द्वारा अफसर जजई का विकेट लेने के साथ ही दूसरे दिन के खेल की समाप्ति हुई। दिन का खेल खत्म होने तक रहमत शाह ६ चौकों और १ छक्के की मदद से ४३ रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। भारतीय गेंदबाजों में मानव सुथार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए ३ विकेट चटकाए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को २ सफलताएं मिलीं।
​अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर अब्दुल मलिक १६ रन और सेदिकुल्लाह अटल १७ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज (१२) और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (२०) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।
​इससे पहले, भारत ने आज सुबह अपने कल के स्कोर ३ विकेट पर ३६८ रन से आगे खेलना शुरू किया। कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने चौथे विकेट के लिए १६९ रनों की शानदार साझेदारी कर टीम को विशाल स्कोर की ओर बढ़ाया। शुभमन गिल ने १७७ गेंदों में १२६ रनों की शतकीय पारी खेली, जिसमें १५ चौके और १ छक्का शामिल रहा। वहीं, ऋषभ पंत ने १२१ गेंदों में ८१ रन (६ चौके, ३ छक्के) बनाए। निचले क्रम में वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद ५२ रन, मानव सुथार ने २८ रन और मोहम्मद सिराज ने २२ रन का योगदान दिया।

About Author

Advertisement