काेलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़े और महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई पहली कैबिनेट बैठक में पूर्ववर्ती ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना का स्वरूप बदलते हुए अब ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना शुरू करने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। इस नई योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को अब हर महीने ३,००० रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। यह सम्मान राशि आगामी 1 जून से सीधे महिलाओं के बैंक खातों में जमा होनी शुरू हो जाएगी। राहत की बात यह है कि जिन महिलाओं को पहले से सहायता मिल रही थी, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी; उन्हें स्वचालित रूप से इस नई योजना का लाभार्थी मान लिया जाएगा।
नकद सहायता के साथ-साथ सरकार ने महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन में भी विशेष सुविधा का ऐलान किया है। १ जून से ही राज्य की सरकारी बसों में महिलाएं पूरी तरह मुफ्त यात्रा कर सकेंगी, जिससे उनकी आर्थिक बचत होगी और आवाजाही में सुगमता आएगी। मुख्यमंत्री अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पिछली सरकार की जनहितकारी योजनाएं बंद नहीं की जाएंगी, बल्कि उनमें सुधार कर उन्हें और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। आगामी सोमवार को होने वाली अगली कैबिनेट बैठक में कुछ और बड़ी घोषणाएं होने की उम्मीद है, जिससे आम जनता को और अधिक लाभ मिलने की संभावना है।









