कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है, तो चुनाव के बाद भी कम से कम सात दिन तक केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती जारी रहेगी।कोलकाता के बेहाला क्षेत्र में रोड शो के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी भय के मतदान करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन किसी प्रकार के डर की आवश्यकता नहीं है और चुनाव आयोग ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।उन्होंने कहा, “२९ तारीख को मतदान करने जाएं, किसी भी गुंडागर्दी से डरने की जरूरत नहीं है।” शाह ने यह भी आश्वासन दिया कि चुनाव समाप्त होने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था बनी रहेगी ताकि किसी प्रकार की हिंसा या अशांति न हो।रोड शो के दौरान दक्षिण कोलकाता का बेहाला क्षेत्र राजनीतिक नारों और समर्थकों की भीड़ से गूंज उठा। कार्यकर्ता उत्साह के साथ नारे लगाते और पार्टी के झंडे लहराते नजर आए।बेहाला पूर्व और बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में २९ अप्रैल को मतदान होना है, जो इस चरण का अंतिम चरण होगा।










