नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच दो महत्वपूर्ण फॉर्मूला वन रेस रद्द कर दी गई हैं। फॉर्मूला वन और इसके संचालन निकाय फेडरेशन इंटरनेशनेल द ल’ऑटोमोबाइल (एफआईए) ने बताया कि ईरान से जुड़े युद्ध और सुरक्षा चिंताओं के कारण अप्रैल में बहरीन और सऊदी अरब में होने वाली ग्रां प्री रेस आयोजित नहीं की जाएंगी।
जानकारी के अनुसार, अमेरिका और इजरायल के हमले शुरू होने के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति तनावपूर्ण हो गई है।
इसी कारण बहरीन ग्रां प्री और सऊदी अरब ग्रां प्री को रद्द करने का निर्णय लिया गया। बहरीन में यह रेस १२ अप्रैल को और सऊदी अरब के शहर जेद्दा में १९ अप्रैल को आयोजित होने वाली थी।
फॉर्मूला वन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पश्चिम एशिया क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों के कारण अप्रैल में इन रेसों का आयोजन संभव नहीं है। विभिन्न विकल्पों पर विचार किया गया, लेकिन अंततः यह तय हुआ कि इन रेसों को अप्रैल में किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जा सकता।
फॉर्मूला वन के अध्यक्ष और सीईओ स्टेफानो डोमेनिकाली ने कहा कि यह एक कठिन फैसला था, लेकिन पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यही सही निर्णय है।
वहीं एफआईए के अध्यक्ष मोहम्मद बेन सुलेयम ने कहा कि संगठन अपने समुदाय, सहयोगियों और सभी संबंधित लोगों की सुरक्षा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद ही यह निर्णय लिया गया है।









