न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर दो नए प्लेटफॉर्म का जुड़ाव

IMG-20260204-WA0039

मालीगांव: पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार डिवीजन ने न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर दो नए प्लेटफॉर्म का निर्माण किया है। यह यात्री-केंद्रित पहल स्टेशन की आधारभूत संरचना में एक महत्वपूर्ण सुधार है, जिसका उद्देश्य यात्रियों की सुविधाएँ बढ़ाना, ट्रेनों में सुगम चढ़ने-उतरने को सुनिश्चित करना, परिचालन दक्षता में सुधार करना तथा पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के इस महत्वपूर्ण जंक्शन पर बढ़ती लंबी दूरी की ट्रेन सेवाओं के प्रबंधन को आसान बनाना है।
इसके अलावा, संशोधित क्रमांक व्यवस्था के अनुसार न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास नवनिर्मित प्लेटफॉर्मों का नामकरण प्लेटफॉर्म संख्या १ और प्लेटफॉर्म संख्या २ के रूप में किया गया है। वर्तमान प्लेटफॉर्मों को क्रमबद्ध तरीके से पुनः क्रमांकित कर प्लेटफॉर्म संख्या 8 तक किया गया है। पूर्ववर्ती प्लेटफॉर्मों का पुनः क्रमांकन इस प्रकार किया गया है— वर्तमान प्लेटफॉर्म-१ए को प्लेटफॉर्म-३, प्लेटफॉर्म-१ को प्लेटफॉर्म-४, प्लेटफॉर्म-२ को प्लेटफॉर्म-५, प्लेटफॉर्म-३ को प्लेटफॉर्म-६, प्लेटफॉर्म-४ को प्लेटफॉर्म-७ तथा प्लेटफॉर्म-५ को प्लेटफॉर्म-८ के रूप में पुनः क्रमांकित किया गया है। इस युक्तिसंगतकरण का उद्देश्य एकरूपता लाना, परिचालन संबंधी जटिलताओं को कम करना और ट्रेनों की आवाजाही को और अधिक सुचारु बनाना है।
यात्री आवागमन को सुगम बनाने और रेल संचालन को अधिक दक्ष करने के लिए न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के संशोधित प्लेटफॉर्मों पर कई महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों को स्थानांतरित किया गया है। कामाख्या–हावड़ा वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ( २७५७६ डाउन), गुवाहाटी–रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस ( १५६७१ डाउन), डिब्रूगढ़–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ( १२४२३ डाउन), गुवाहाटी–कोलकाता गरीब रथ एक्सप्रेस ( १२५१८ डाउन) तथा अगरतला–एसएमवीटी बेंगलुरु हमसफर एक्सप्रेस ( १२५०४ डाउन) को प्लेटफॉर्म संख्या ६ पर निर्धारित किया गया है।
अन्य महत्वपूर्ण लंबी दूरी की सेवाओं में डिब्रूगढ़–चंडीगढ़ एक्सप्रेस (१५९०३ डाउन) और कामाख्या–आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (१५६२१ डाउन) शामिल हैं, जिन्हें प्लेटफॉर्म संख्या ५ पर निर्धारित किया गया है। वहीं न्यू जलपाईगुड़ी–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ( २२३०२ डाउन) को प्लेटफॉर्म संख्या ४ पर रखा गया है। इसके अतिरिक्त, न्यू जलपाईगुड़ी–आरा एक्सप्रेस ( १३२४५ डाउन) को प्लेटफॉर्म संख्या २ पर स्थान दिया गया है, जिससे पूर्वोत्तर क्षेत्र और देश के प्रमुख शहरों के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन उद्घोषणाओं, डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों, पूछताछ केंद्रों तथा रेलवे के आधिकारिक संचार माध्यमों के माध्यम से प्लेटफॉर्म नंबरों की जानकारी अच्छी तरह से जांच लें। उम्मीद है कि संशोधित प्लेटफॉर्म व्यवस्था से न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर ट्रेन नियंत्रण, यात्री आवागमन और समग्र सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा।

About Author

Advertisement