न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए १२ सदस्यीय इंग्लैंड टीम की घोषणा

IMG-20260603-WA0056

लंदन: न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार से लॉर्ड्स में शुरू होने जा रहे पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने अपनी १२ सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें अनकैप्ड (अंतर्राष्ट्रीय मैच न खेलने वाले) बल्लेबाज एमिलियो गे और पेस बॉलर (तेज गेंदबाज) सोनी बेकर को शामिल किया गया है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि अब तक टेस्ट मैच न खेलने वाले डरहम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज एमिलियो गे और हैम्पशायर के तेज गेंदबाज सोनी बेकर को टीम में जगह दी गई है। इसके साथ ही ससेक्स के पेस बॉलर ओली रॉबिन्सन भी फरवरी २०२४ के बाद पहली बार इंग्लैंड टीम में लौटे हैं।
​इंग्लैंड के प्रमुख तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पहला टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे, जो लगातार ६ महीने खेलने के बाद अभी ब्रेक पर हैं। आर्चर वर्तमान में बारबाडोस में हैं और पहले टेस्ट मैच के बाद इंग्लैंड टीम से जुड़ेंगे। वे १७ जून से शुरू होने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध रह सकते हैं। इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रैंडन मैकुलम भी इस तेज गेंदबाज को पर्याप्त आराम देना चाहते हैं। आईपीएल २०२६ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से खेलते समय चोटिल हुए जैकब बेथेल अब पूरी तरह फिट हैं और उनके पहले टेस्ट मैच में खेलने की प्रबल संभावना है। इंग्लैंड के स्पिनर शोएब बशीर एशेज सीरीज से बाहर किए जाने के बाद अब टीम में वापस आ गए हैं। ओली रॉबिन्सन, गस एटकिंसन और जोश टंग तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे।
​न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की १२ सदस्यीय टीम इस प्रकार है:
​बेन स्टोक्स (कप्तान), गस एटकिंसस, सोनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रुक, बेन डकेट, एमिलियो गे, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग।

About Author

Advertisement