लंदन: विंबलडन २०२६ में दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच और मौजूदा चैंपियन यानिक सिनर ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सर्बिया के जोकोविच ने जहां रोजर फेडरर के सर्वाधिक मैच जीतने के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी की, वहीं सिनर ने लगातार पांचवीं बार विंबलडन के अंतिम १६ में जगह बनाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। सात बार के विंबलडन चैंपियन जोकोविच ने फ्रांस के २५वें वरीयता प्राप्त आर्थर रिंदरकनेच को ७-५, ६-४, १-६, ७-६ (४) से पराजित कर चौथे दौर में प्रवेश किया। इसके साथ ही ३९ वर्षीय जोकोविच ने ऑल इंग्लैंड क्लब में अपने करियर की १०५वीं जीत हासिल करके स्विस दिग्गज फेडरर के विंबलडन में सर्वाधिक मैच जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके अलावा जोकोविच ने ओपन एरा में १८वीं बार विंबलडन के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर फेडरर के एक और रिकॉर्ड की बराबरी की। मैच के बाद जोकोविच ने कहा, इस खेल और विशेष रूप से विंबलडन के इतिहास का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। यह हमेशा से मेरा सबसे पसंदीदा टूर्नामेंट रहा है। इसके बाद उन्होंने मजाक करते हुए कहा, अब १०६वीं जीत के लिए मेरे और फेडरर के बीच एक मैच करवा दीजिए। प्री-क्वार्टर फाइनल में जोकोविच का सामना रूस के क्वालीफायर रोमन सफीउलिन से होगा। उस मैच में जीत हासिल करने पर जोकोविच अपने करियर के ६६वें ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल और विंबलडन में १७वें क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएंगे। सेंटर कोर्ट की छत हटाए जाने के बाद खुले आसमान के नीचे खेले गए मैच में जोकोविच ने पहले २ सेट आसानी से अपने नाम किए। इसके बाद तीसरे सेट में फ्रांसीसी खिलाड़ी ने १३ विनर्स के साथ असाधारण वापसी करते हुए ६-१ से सेट जीता। चौथे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली लेकिन टाई-ब्रेकर में जोकोविच ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए सेट और मैच जीत लिया।
इसी तरह गत विजेता और दुनिया के नंबर १ खिलाड़ी इटली के यानिक सिनर ने अमेरिकी खिलाड़ी जेनसन ब्रूक्सबी को सीधे सेटों में ६-४, ६-३, ६-४ से पराजित कर आसानी से चौथे दौर में प्रवेश किया। २४ वर्षीय सिनर लगातार पांचवीं बार विंबलडन के अंतिम १६ में पहुंचे हैं। इसके साथ ही उन्होंने इटली के दिग्गज खिलाड़ी निकोला पिएत्रांगेली के सर्वाधिक बार विंबलडन पुरुष एकल के चौथे दौर में पहुंचने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अब उनका सामना जापान के क्वालीफायर शिंतारो मोचिज़ुकी से होगा। मैच के बाद सिनर ने कहा, मैंने उनके (मोचिज़ुकी) खिलाफ कभी खेला नहीं है, लेकिन ग्रैंड स्लैम के चौथे दौर में पहुंचने वाला हर खिलाड़ी खतरनाक होता है। मैं हर दिन अपने खेल में सुधार करने की कोशिश कर रहा हूं। अभी भी कुछ चीजों पर काम करना बाकी है, लेकिन आज के प्रदर्शन से मैं संतुष्ट हूं।










