७९ सुरक्षाकर्मी लापता, ९ शव बरामद; भारत से सटे सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट
काठमांडू: नेपाल की भोटेकोशी नदी में बुधवार सुबह आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नदी तटीय इलाकों में तैनात नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी बल और नेपाली सेना के कुल ७९ सुरक्षाकर्मी बाढ़ की चपेट में आकर लापता हो गए हैं।
नेपाल की संसद (प्रतिनिधि सभा) को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बताया कि लापता जवानों में नेपाल पुलिस के ४४, सशस्त्र प्रहरी के ९ और नेपाली सेना के २४ जवान शामिल हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक ९ शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा कई स्थानीय नागरिकों के भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
नेपाल में आई इस भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद भारतीय सीमा से सटे निचले इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। भोटेकोशी और उससे जुड़ी नदियों के जलस्तर को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में सेना और पुलिस के साथ हेलीकॉप्टरों को राहत एवं बचाव कार्य में लगा दिया है तथा घायलों के मुफ्त इलाज की घोषणा की है।










