नेपाल में प्रियागोल्ड बिस्किट की बिक्री पर रोक, बाजार से स्टॉक हटाने का निर्देश

4dab7612-eb46-40c2-a325-3e0faaeebd40

काठमांडू: नेपाल में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के आरोपों के बाद भारतीय बिस्किट ब्रांड प्रियागोल्ड की बिक्री, आयात और वितरण पर रोक लगा दी गई है। नेपाल के खाद्य प्रौद्योगिकी एवं गुणवत्ता नियंत्रण विभाग (एफटीक्यूसीडी) ने १९ अक्टूबर को इस संबंध में नोटिस जारी करते हुए व्यापारियों और आयातकों को बाजार में उपलब्ध बिस्किट का स्टॉक तत्काल हटाने का निर्देश दिया है।
विभाग के अनुसार, प्रियागोल्ड बिस्किट निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के आधार पर यह कदम उठाया गया है। इस कार्रवाई के लिए भारत के खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ओर से की गई कार्रवाई को भी आधार बनाया गया है।
नेपाल के एफटीक्यूसीडी ने अधिकृत आयातकों और खाद्य कारोबारियों से कहा है कि उनके पास प्रियागोल्ड बिस्किट का जो भी स्टॉक मौजूद है, उसे तत्काल वापस मंगाकर बाजार से हटाया जाए। साथ ही, अगले आदेश तक इसके आयात, बिक्री और वितरण को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
इस आदेश के बाद नेपाल में दुकानदारों और अन्य खाद्य कारोबारियों को प्रियागोल्ड बिस्किट की बिक्री बंद करनी होगी। संबंधित कारोबारियों को विभाग के निर्देशों का पालन करने और बाजार में उपलब्ध स्टॉक हटाने को कहा गया है।
नेपाल में की गई इस कार्रवाई से भारतीय कंपनी सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड के उत्पादों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर सवाल उठे हैं। हालांकि, मामले में कंपनी की प्रतिक्रिया और नेपाल के बाजार से स्टॉक हटाने की कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

About Author

Advertisement