नेपाल–भारत सुख-दुःख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे: रक्षामंत्री सिंह

7138e11e-7229-4b77-bbc9-bb67295a00c3

नई दिल्ली: भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास का दौरा कर नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित एवं पीड़ित लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
उन्होंने इस कठिन घड़ी में नेपाल को भारत की निरंतर सहायता जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। रक्षा मंत्री सिंह ने दूतावास पहुंचकर आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दूतावास की शोक पुस्तिका में संदेश लिखते हुए कहा कि भारत और नेपाल घनिष्ठ मित्र एवं साझेदार हैं तथा सुख-दुःख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे।
सिंह ने शोक संदेश में लिखा, “एक घनिष्ठ मित्र और साझेदार तथा सुख-दुःख के साथी के रूप में भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है। इस कठिन समय में भी हम अपने नेपाली भाइयों और बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और खोज, बचाव तथा पुनर्वास के लिए नेपाल द्वारा किए जा रहे प्रयासों में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
रक्षा मंत्री सिंह का यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ और भूस्खलन से भारी जन-धन की क्षति हुई है और देश इसके प्रभावों से जूझ रहा है। गत २६अगस्त को हिमालयी क्षेत्र में भारी मात्रा में पानी, मिट्टी और पत्थरों के साथ बाढ़ एवं भूस्खलन आया था। इसके बाद हजारों लोगों के लापता होने की सूचना मिली। सोमवार को नेपाल और चीन के बचावकर्मियों ने कीचड़, बढ़ते नदी प्रवाह और नए बने तालाबों से उत्पन्न खतरे के बीच लापता लोगों की तलाश तेज कर दी।
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी नवीनतम विवरण के अनुसार, नेपाल में आई बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या ९०२ तक पहुंच गई है। प्राधिकरण के अनुसार आपदा में लगभग ४,२४७ लोग लापता हैं, जबकि अब तक १०४५१ लोगों को बचाया जा चुका है। पिछले सप्ताह हिमालयी क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद लापता हजारों लोगों की तलाश के लिए नेपाल और चीन में जारी बचाव अभियान सोमवार को छठे दिन में प्रवेश कर गया।
२६ अगस्त को तिब्बत से लगी सीमा वाले रसुवा जिले में हिमनद टूटने के बाद भोटेकोशी नदी में अचानक भीषण बाढ़ आ गई थी। इस बाढ़ से व्यापक नुकसान हुआ था।
जारी खोज, बचाव और राहत अभियान के तहत भारत नेपाल को मानवीय सहायता उपलब्ध करा रहा है। आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए भारत राहत सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं नेपाल भेज रहा है।
भारत ने नेपाल में जारी खोज, बचाव और राहत अभियान के लिए अपना सहयोग और बढ़ा दिया है। रविवार को ११ टन राहत सामग्री लेकर भारत का चौथा विमान नेपाल पहुंचा था। राहत सामग्री नेपाली अधिकारियों को सौंप दी गई है।
इस सामग्री में खोज एवं बचाव अभियान के लिए आवश्यक उपकरणों के साथ सुरंग तकनीकी विशेषज्ञों की टीम, डीएनए परीक्षण के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तथा कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट और स्वच्छता संबंधी किट सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।

About Author

Advertisement