काठमांडू: नेपाल और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय औपचारिक यात्रा पर काठमांडू पहुंचे भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने नेपाली विदेश मंत्री शिशिर खनाल से शिष्टाचार मुलाकात की है।
काठमांडू स्थित विदेश मंत्रालय में बुधवार को हुई इस बैठक में दोनों देशों के बीच बहुआयामी साझेदारी, आर्थिक सहयोग और आपसी हित के विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।
यात्रा के दौरान विदेश सचिव मिसरी अपने नेपाली समकक्ष अमृत बहादुर राय के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस वार्ता में भारत के सहयोग से संचालित विकास परियोजनाओं की समीक्षा, सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान और प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
विदेश सचिव मिसरी भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को भारत यात्रा का औपचारिक निमंत्रण भी सौंपेंगे।
इसी बीच, नेपाल में भारत के नवनिर्युक्त राजदूत सुधाकर दलेला भी मंगलवार को काठमांडू पहुंच चुके हैं। उच्च स्तरीय राजनयिक दल की इस यात्रा को नेपाल-भारत संबंधों में नया आयाम जोड़ने और आपसी कूटनीतिक संवाद को निरंतरता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





