काठमांडू:नेपाल के रसुवा जिले में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद बने आपातकालीन हालात में खोज एवं बचाव अभियान में सहयोग के लिए दक्षिण कोरिया ४४ सदस्यीय आपातकालीन राहत दल नेपाल भेज रहा है।
दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, नेपाल सरकार के अनुरोध पर यह टीम आपदा प्रभावित क्षेत्रों में खोज और राहत कार्य में मदद के लिए भेजी जा रही है।
मंगलवार को ही सैन्य परिवहन विमान के जरिए नेपाल के लिए रवाना होगी। यह दल नेपाल में लगभग १० दिनों तक राहत, खोज और बचाव कार्य में सहयोग करेगा।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह आई भीषण बाढ़ में एक जलविद्युत परियोजना में कार्यरत 9 दक्षिण कोरियाई कर्मचारी लापता हो गए थे। उनकी तलाश के लिए दक्षिण कोरिया पहले ही एक त्वरित प्रतिक्रिया (रैपिड रिस्पॉन्स) टीम नेपाल भेज चुका है।
हालांकि शुरुआती चरण में नेपाली सेना द्वारा प्रभावित क्षेत्र में उड़ानों पर लगाए गए प्रतिबंध के कारण उस टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हुई थी। कोरियाई मीडिया के मुताबिक, आवश्यक अनुमति मिलने के बाद टीम ने शनिवार से संदिग्ध स्थानों पर हवाई खोज अभियान शुरू कर दिया है।





