नागपुर: नागपुर में खेले गए पहले टी२० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को ४८ रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में १–० की बढ़त हासिल कर ली। इस जीत के नायक टीम इंडिया के अभिषेक शर्मा रहे। उन्होंने मैच में मात्र ३५ गेंदों पर विस्फोटक ८४ रन की पारी खेली, जिसमें ८ छक्के और ५ चौके शामिल थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट २४०.०० रहा।
पिछले कुछ वर्षों से टी२० अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं। खासकर पावरप्ले में उन्होंने खुद को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पावर हिटरों में से एक के रूप में स्थापित किया है। बुधवार को भी उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और केवल २२ गेंदों में अर्धशतक पूरा कर नया रिकॉर्ड कायम किया। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी२० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पहले २०२० में केएल राहुल और रोहित शर्मा ने २३–२३ गेंदों में अर्धशतक जमाया था।
अभिषेक शर्मा ने ६ जुलाई २०२४ को अपना पहला टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। उस समय से अब तक इस प्रारूप में पावरप्ले (पहले ६ ओवर) में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड उनके नाम है। ६ जुलाई २०२४ से अब तक उन्होंने टी२० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पावरप्ले के दौरान कुल ४९ छक्के लगाए हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान हैं, जिन्होंने २८ छक्के लगाए हैं। इसके बाद ब्रायन बेनेट (२५) और शाई होप (२४) क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। ये आंकड़े साफ तौर पर दिखाते हैं कि इस मामले में फिलहाल अभिषेक के आसपास कोई नहीं है और उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली कितनी प्रभावी है।
टी२० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में २५ या उससे कम गेंदों में सबसे अधिक बार अर्धशतक बनाने के मामले में भी अभिषेक शर्मा शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अब तक इस उपलब्धि को ८ बार हासिल किया है। इस सूची में फिल सॉल्ट, सूर्यकुमार यादव और एविन लुईस संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने ७–७ बार यह कारनामा किया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर में अभिषेक शर्मा ने ८ छक्के लगाए। इसके साथ ही वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी२० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष तीन में शामिल हो गए हैं। इस मामले में रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के रिचर्ड लेवी के नाम है, जिन्होंने २०१२ में हैमिल्टन में खेले गए मैच में १३ छक्के लगाए थे। इस सूची में कीरोन पोलार्ड और अभिषेक शर्मा ८–८ छक्कों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।









