१ जनवरी २०२७ को देगी सिनेमाघरों में दस्तक
नयी दिल्ली: जियो स्टूडियोज और आटपाट प्रोडक्शन्स ने अपनी मचअवेटेड मराठी स्पोर्ट्स बायोपिक ‘खाशाबा’ का दमदार टीजर रिलीज कर दिया है। यह फिल्म १ जनवरी २०२७ को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
स्वतंत्र भारत के पहले ओलंपिक पदक विजेता की कहानी
यह एक बायोपिक फिल्म है जिसकी कहानी स्वतंत्र भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक पदक विजेता और महान पहलवान खाशाबा दादासाहेब जाधव के जीवन पर आधारित है। फिल्म की कहानी उनके प्रेरणादायी जीवन और संघर्ष की असाधारण कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आएगी। ‘धुरंधर’, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और ‘राजा शिवाजी’ जैसी ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद जियो स्टूडियोज एक और बड़े सिनेमाई अनुभव के साथ दर्शकों के सामने है।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक का निर्देशन
इस फिल्म के लिए स्टूडियो ने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक नागराज मंजुले के साथ हाथ मिलाया है, जो ‘फैंड्री’ और २०१६ की ऐतिहासिक फिल्म ‘सैराट’ के बाद एक और महत्वाकांक्षी मराठी फिल्म लेकर लौट रहे हैं। फिल्म का संगीत प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है।
१९५२ के हेलसिंकी ओलंपिक की पृष्ठभूमि
टीजर में पारंपरिक कुश्ती के अखाड़ों की एक झलक देखने को मिलती है जोकि सिनेमाई कैनवास पर देखने में काफी सुंदर लग रही है। नवस्वतंत्र भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म महाराष्ट्र के एक ऐसे गुमनाम खेल नायक की कहानी कहती है, जिसने तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए १९५२ के हेलसिंकी ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर भारतीय खेल इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कराया। खाशाबा दादासाहेब जाधव का किरदार जिस कलाकार ने निभाया है उसकी अभी घोषणा नहीं की गई है, क्योंकि मेकर्स ने इस रोल के लिए एक नए चेहरे को लॉन्च करने का मन बनाया है।











