चेन्नई: पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को लगातार दूसरे मैच में एक ही गलती के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। टीम ने शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच जीत लिया, लेकिन इसके बावजूद पूरी टीम पर जुर्माना लगाया गया।
दरअसल, श्रेयस अय्यर को लगातार दूसरे मैच में धीमे ओवर रेट का दोषी पाया गया। इससे पहले मंगलवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मुकाबले में भी उन पर इसी कारण १२ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। शुक्रवार को वही गलती दोहराने पर अय्यर पर २४ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यह मामला इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की आचार संहिता के अनुच्छेद २.२२ के तहत आता है, जो न्यूनतम ओवर रेट से जुड़ा हुआ है। कप्तान के साथ-साथ प्लेइंग इलेवन और इम्पैक्ट प्लेयर सहित अन्य खिलाड़ियों पर भी ६ लाख रुपये या उनकी मैच फीस का २५ प्रतिशत (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया गया है।
नियमों के अनुसार, यदि पंजाब किंग्स इस सत्र में तीसरी बार धीमे ओवर रेट का दोषी पाई जाती है, तो कप्तान पर ३० लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही अन्य खिलाड़ियों (इम्पैक्ट प्लेयर सहित) पर १२-१२ लाख रुपये या उनकी मैच फीस का ५० प्रतिशत (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया जाएगा।
हालांकि, इस प्रकार के अपराध में पहले जो कप्तान पर मैच प्रतिबंध (बैन) का प्रावधान था, उसे अब हटा दिया गया है।










