धावक गुलवीर सिंह ऐतिहासिक रजत पदक जीतने में सफल

IMG-20260729-WA0069

ग्लासगो: भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने राष्ट्रमंडल खेलों की १०,००० मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह राष्ट्रमंडल खेलों की १०,००० मीटर दौड़ स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। इस रोमांचक दौड़ की शुरुआत धीमी रही लेकिन गुलवीर पूरी दौड़ के दौरान लीडिंग ग्रुप के साथ बने रहे। अंतिम १००० मीटर में उन्होंने अपनी गति बढ़ाई और अंतिम लैप में गज़ब का स्प्रिंट लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया।
​ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन ने २७ मिनट ४८.९३ सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं कांस्य पदक आइल ऑफ मैन के डेविड मुल्लार्की (२७ मिनट ५०.२८ सेकंड) के नाम रहा।
​भारत के २८ वर्षीय गुलवीर शुरुआत में दूसरे स्थान पर दौड़ रहे थे और आधी रेस तक शीर्ष ३ में बने हुए थे। इस बीच ५६०० मीटर के बाद गति तेज होने पर वह नौवें स्थान पर खिसक गए थे, लेकिन अंतिम १००० मीटर में उन्होंने असाधारण वापसी की और तीसरे स्थान पर पहुंच गए। इसके बाद अंतिम लैप में शानदार किक लगाकर रजत पदक अपने नाम कर लिया।
​दौड़ में दूसरे स्थान पर रहने के बावजूद गुलवीर अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (२७ मिनट ००.२२ सेकंड) के करीब नहीं पहुंच सके। गुलवीर भारत के ३००० मीटर, ५००० मीटर और १०,००० मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारकों में शामिल हैं और उन्हें देश के सबसे सफल लंबी दूरी के धावकों में से एक माना जाता है।
​उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिरसा गांव में जन्मे गुलवीर सिंह भारतीय सेना की ग्रेनेडियर्स रेजीमेंट में नायब सूबेदार के पद पर हैं। सेना में भर्ती होने से पहले उन्होंने गांव की सड़कों और खेतों में लगातार दौड़कर अपनी फिटनेस बनाई थी। अंततः उसी मेहनत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।

About Author

Advertisement