काेलकाता: किचन और बाथरूम में रेंगते कॉकरोच न सिर्फ गंदगी फैलाते हैं, बल्कि बीमारियों का कारण भी बनते हैं। अगर आप भी महंगे स्प्रे और दवाइयां इस्तेमाल करके थक चुके हैं, तो शेफ रूपम सेहत्या का दूध वाला नुस्खा बेहद मददगार साबित होगा। महीने में सिर्फ २ बार इसके इस्तेमाल से घर के सारे कॉकरोच खत्म हो जाएंगे।
जरूरी सामग्री
बोरिक एसिड पाउडर: १०० ग्राम
गेहूं का आटा: २ से ३ बड़े चम्मच
पिसी चीनी या खांड: १ से २ बड़े चम्मच
दूध: आवश्यकतानुसार
नुस्खे के पीछे का विज्ञान
इस मिश्रण में हर सामग्री की अपनी विशेष भूमिका है:
चीनी और दूध: इनकी मीठी और दूधिया महक कॉकरोच को आकर्षित करती है।
गेहूं का आटा: यह मिश्रण को गाढ़ा और चिपचिपा बनाने में मदद करता है।
बोरिक एसिड: कॉकरोच के लिए धीमा जहर साबित होता है। इसे खाते ही या इसके संपर्क में आते ही डिहाइड्रेशन और पाचन तंत्र खराब होने के कारण वे खत्म हो जाते हैं।
बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका
१. मिश्रण तैयार करें: एक साफ और सूखे बाउल में १०० ग्राम बोरिक एसिड निकालें। इसमें २-३ चम्मच गेहूं का आटा और १-२ चम्मच पिसी चीनी डालकर सूखे रूप में अच्छी तरह मिला लें।
२. दूध मिलाएं: अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके दूध मिलाएं और गाढ़ा पेस्ट या आटा गुंथने जैसा मिश्रण बना लें।
३. सेट होने दें: इस मिश्रण को २० से ३० मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सभी सामग्रियां आपस में सेट हो जाएं।
४. गोलियां बनाएं: आधे घंटे बाद हाथों में थोड़ा सा सूखा आटा लगाकर इस पेस्ट की छोटी-छोटी गोलियां बना लें।
५. सही जगह रखें: इन गोलियों को घर के उन हिस्सों में रखें जहां कॉकरोच सबसे ज्यादा दिखाई देते हैं—
किचन सिंक के नीचे और नालियों के पास
गैस स्टोव और किचन कैबिनेट्स के अंदरूनी कोनों में
फ्रिज और माइक्रोवेव के पीछे वाले हिस्से में
डस्टबिन के आसपास और बाथरूम के कोनों में
असर और परिणाम
यह नुस्खा २४ से ७२ घंटों के भीतर असर दिखाना शुरू करता है। चीनी और दूध के लालच में जब कॉकरोच इसे खाते हैं, तो वे प्रभावित हो जाते हैं। इसके अलावा, जब वे अपनी जगह वापस जाते हैं, तो अन्य कॉकरोच भी इसके संपर्क में आकर खत्म होने लगते हैं। २ से ३ दिनों के भीतर कॉकरोच की संख्या में भारी कमी आ जाएगी।
सावधानी और सुरक्षा के नियम
बच्चे और पालतू जानवर: बोरिक एसिड एक कीटनाशक है, इसलिए गोलियों को हमेशा बच्चों और पालतू जानवरों की पहुंच से दूर रखें।
ग्लव्स का प्रयोग: मिश्रण बनाते समय हाथों में ग्लव्स (दस्ताने) पहनें।
खाने-पीने की चीजें: नुस्खे को कभी भी खुले खाने-पीने की चीजों या बर्तनों के सीधे संपर्क में न आने दें।





