नई दिल्ली: आईपीएल २०२६ आगामी २८ मार्च से शुरू होने वाला है। इससे पहले इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइज़ी के मेंटर पद से इस्तीफा दे दिया है। ४५ वर्षीय पीटरसन ने बताया कि वे इस भूमिका के लिए जरूरी समय नहीं दे पा रहे थे, इसलिए उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया।
आईपीएल के दौरान हालांकि पीटरसन कमेंट्री करते हुए दिखाई देंगे। उन्हें पिछले साल फरवरी में टीम का मेंटर नियुक्त किया गया था।
सोशल मीडिया मंच पर पीटरसन ने लिखा कि वे इस आईपीएल सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर नहीं रहेंगे, क्योंकि वे इस काम के लिए पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने टीम के सभी खिलाड़ियों को नए सत्र के लिए शुभकामनाएँ दीं और कहा कि इस बार वे कमेंट्री कक्ष से दर्शकों से जुड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल दुनिया की सर्वश्रेष्ठ लीग है।
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में पीटरसन ने १०४ टेस्ट मैचों में ८१८१ रन, १३६ एकदिवसीय मैचों में ४४४० रन और ३७ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में ८३१ रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने आईपीएल में भी २६ मैचों में १००१ रन बनाए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स जल्द ही नए मेंटर के नाम की घोषणा कर सकती है।










