मुख्यमंत्री ने ‘वार रूम’ का किया निरीक्षण
अगरतला: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साह ने राज्य में बाढ़ की पूर्व तैयारियों और आपदा प्रबंधन रणनीति की उच्च स्तरीय समीक्षा की है। वर्तमान मानसून सत्र के मद्देनजर संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए उन्होंने ‘टिफ्ट’ स्थित वार रूम का दौरा कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री साह ने आपदा के प्रभाव को कम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘प्रोएक्टिव प्लानिंग’ (सक्रिय योजना) के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों के बीच आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर नागरिक के जीवन और संपत्ति की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय पर कुशल आपदा प्रबंधन और उच्च स्तर की तैयारी के साथ राज्य प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।










