वेलिंगटन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने गेंद की गुणवत्ता और उस पर लार के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध को लेकर सवाल उठाए हैं। गिल के मुताबिक, गेंद जल्दी नरम हो रही थी, जिससे गेंदबाजों के लिए विकेट हासिल करना मुश्किल हो रहा था। इसके साथ ही उन्होंने गेंद पर लार के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध को भी समाप्त करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि कोविड-१९ महामारी के दौरान गेंद पर लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया था। गिल ने पत्रकार सम्मेलन में कहा, “मुझे अब तक समझ नहीं आया कि हमें गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल करने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है। कोविड का समय बीत चुका है। उस समय गेंद पर लार लगाने को लेकर नियम बनाया गया था और वह प्रतिबंध अब भी जारी है। मेरे विचार से विकेट नहीं मिलने का यह भी एक कारण रहा।”
गिल ने कूकाबुरा गेंद की गुणवत्ता पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “हमने पिछले साल इंग्लैंड में भी ऐसा होते देखा था। शुरुआती ३-४ मैचों में ड्यूक्स गेंद जल्दी नरम हो रही थी। इसलिए गेंद की गुणवत्ता में कोई कमी आई है या इसके पीछे कोई और कारण है, यह मुझे नहीं पता।”
गिल के मुताबिक, गेंद जल्दी नरम होने पर गेंदबाजों के लिए बल्लेबाजों को आउट करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। गिल ने कहा कि जब पिच से कोई खास मदद नहीं मिल रही हो और गेंद भी नरम हो जाए, तो विकेट हासिल करना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने कहा, “ऐसी स्थिति में गेंद बल्ले का किनारा लगने के बाद भी फील्डर तक नहीं पहुंचती। वहीं, अगर पिच से पर्याप्त मूवमेंट नहीं मिल रहा हो, तो गेंदबाजों के पास बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू या बोल्ड करने के ज्यादा मौके नहीं होते।”
गिल ने बेसिन रिजर्व की पिच को गेंदबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, “मेरे विचार से पिच पर गेंदबाजों के लिए कोई खास मदद नहीं थी। कुछ गेंदें जरूर नीचे रह रही थीं, लेकिन पिच में गति नहीं थी। इसी कारण गेंद नीचे रहने के बावजूद बल्लेबाजों को चकित करने के लिए पर्याप्त गति नहीं मिल पा रही थी।”
इसके अलावा, हमारे प्रत्येक तेज गेंदबाज लगभग ५०-५० ओवर गेंदबाजी कर चुके थे। ऐसे में जब पिच से कोई मदद नहीं मिल रही थी, तो उन्हें थकाकर कोई फायदा नहीं होने वाला था।





