रांची/नई दिल्ली: झारखंड में जेपीएससी(झारखंड लोक सेवा आयोग) और जेएसएससी(झारखंड कर्मचारी चयन आयोग) की भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर कर मुख्यमंत्री सोरेन की लंबी उम्र और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
दूसरी ओर, परीक्षाओं में हुई धांधली की सीबीआई जांच की मांग को लेकर अभ्यर्थी गत २५ जुलाई से रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रहने के बाद छात्रों ने १० अगस्त को पुराने विधानसभा ग्राउंड से नए विधानसभा भवन तक मार्च निकालकर घेराव का ऐलान किया है। इस विरोध प्रदर्शन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो २ अगस्त से लगातार भूख हड़ताल पर हैं।










