जल्द ही भारत आना चाहते हैं महान नोवाक जोकोविच

IMG-20260421-WA0049

​नई दिल्ली: टेनिस के महान खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सर्बिया के स्टार खिलाड़ी ने बताया है कि कोहली की वजह से ही उन्होंने क्रिकेट देखना शुरू किया है। लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स के दौरान जोकोविच ने कहा, “विराट मेरे मित्र हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूँ। सच कहूँ तो मैंने उन्हीं की वजह से क्रिकेट फॉलो करना शुरू किया है। पहले मैं क्रिकेट मैच नहीं देखता था, लेकिन उनकी वजह से इस खेल में मेरी रुचि बढ़ी।” इसके साथ ही जोकोविच ने भारत आने का मौका मिलने पर कोहली के साथ समय बिताने की इच्छा भी व्यक्त की। उन्होंने कहा, “हम संपर्क में रहते हैं। भविष्य में भारत आने का मौका मिला तो हम जरूर मिलेंगे। हम थोड़ा टेनिस खेलेंगे और थोड़ा क्रिकेट। हम साथ में मजे करेंगे और खेल के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा फैलाएंगे।”
​जोकोविच ने भारतीय प्रशंसकों के प्रति स्नेह दर्शाते हुए जल्द ही भारत आने की इच्छा को दोहराया। उन्होंने कहा, “मेरा संदेश हमेशा प्यार, सम्मान और आभार का होता है। मुझे सालों से भारतीय प्रशंसकों से अपार समर्थन मिला है। मैं जल्द ही भारत जाना चाहता हूँ। पिछले कुछ वर्षों से मुझे वहां जाने के लिए एक अलग आकर्षण महसूस हो रहा है।” २४ बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच ने संकेत दिया कि वे भारत में जल्द ही किसी इवेंट या मैच का हिस्सा बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “मैं भारत में कोई इवेंट होस्ट करना चाहता हूँ या मैच खेलना चाहता हूँ। मुझे भारतीय लोगों के साथ एक अलग जुड़ाव महसूस होता है।”
​जोकोविच ने टेनिस की नई प्रतिद्वंद्विता पर भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कार्लोस अल्काराज और यानिक सिनर के बीच की प्रतिस्पर्धा को खास बताया, लेकिन ‘बिग थ्री’ को महान करार दिया। उन्होंने कहा, “सिनर और अल्काराज के बीच प्रतिद्वंद्विता असाधारण है, लेकिन मेरे लिए बिग थ्री हमेशा महान रहेंगे।” उल्लेखनीय है कि ‘बिग थ्री’ जोकोविच, रोजर फेडरर और राफेल नडाल को कहा जाता है।

About Author

Advertisement