चोटों से जूझते नेमार संन्यास की ओर?

IMG-20260221-WA0095

नई दिल्ली: ब्राज़ील के दिग्गज फुटबॉलर नेमार ने लगातार चोटों से परेशान होकर फुटबॉल से संन्यास लेने की संभावना जताई है। शुक्रवार को ब्राज़ील के एक डिजिटल चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह भविष्य को लेकर अनिश्चित हैं और दिसंबर तक खेल को अलविदा भी कह सकते हैं।
नेमार के इस बयान ने उनके प्रशंसकों को झटका दिया है, खासकर ऐसे समय में जब इस वर्ष फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप आयोजित होना है। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता आगे क्या होगा। यहां तक कि अगले साल के बारे में भी निश्चित नहीं हूं। मैं फिलहाल एक-एक साल के आधार पर आगे बढ़ रहा हूं। यह वर्ल्ड कप का साल है, इसलिए मेरे और ब्राज़ील की राष्ट्रीय टीम, दोनों के लिए अहम है।”
३४ वर्षीय नेमार ने पिछले महीने अपने बचपन के क्लब सैंटोस एफसी के साथ अनुबंध बढ़ाया था। वह जनवरी २०२५ में सैंटोस लौटे थे और टीम को घरेलू स्तर पर मजबूती देने में भूमिका निभाई। सत्र के अंतिम चरण में उन्होंने पांच मैचों में पांच गोल दागे।
हाल ही में उनके घुटने की सफल सर्जरी हुई थी, लेकिन अक्टूबर २०२३ के बाद से वह ब्राज़ील की राष्ट्रीय टीम के लिए मैदान पर नहीं उतरे हैं। ब्राज़ील के लिए अब तक सर्वाधिक ७९ गोल करने वाले नेमार की फिटनेस पर सवाल बने हुए हैं, जिससे वर्ल्ड कप टीम में उनकी जगह को लेकर भी अनिश्चितता बढ़ गई है।
ब्राज़ील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने भी संकेत दिया है कि वह वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह फिट खिलाड़ियों को ही प्राथमिकता देंगे।
गौरतलब है कि ११ जून से १९ जुलाई तक चलने वाले इस वर्ल्ड कप की मेजबानी संयुक्त रूप से यूनाइटेड स्टेट्‍स, कनाडा और मेक्सिको करेंगे। ऐसे में नेमार का भविष्य ब्राज़ीलियाई फुटबॉल के लिए बड़ी चर्चा का विषय बन गया है।

About Author

Advertisement