नई दिल्ली: भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स आगामी आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी २०२७ को लेकर उत्साहित हैं। पहली बार आयोजित किए जा रहे इस टूर्नामेंट को लेकर जेमिमा ने कहा कि उनकी मानसिकता में कोई बदलाव नहीं होगा और हमेशा की तरह टीम को जीत दिलाना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी। महिला क्रिकेट की पहली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी २४ से २८ फरवरी २०२७ तक श्रीलंका में खेली जाएगी।
जेमिमा ने कहा, “एक बार सफलता का स्वाद चखने के बाद हमें पता है कि शीर्ष पर रहने का अनुभव कैसा होता है। सफलता शीर्ष पर बने रहने की चाह को बढ़ाती है। हमारी टीम उसी दिशा में काम कर रही है और चैंपियंस ट्रॉफी बेहद खास होगी।”
जेमिमा ने पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने का मौका मिलने को भी खास बताया। उन्होंने कहा, “यह महिला क्रिकेट में पहली बार हो रहा है और मैं भी पहली बार इसका हिस्सा बनूंगी। यह बेहद खास होगा और मैं टूर्नामेंट को लेकर उत्साहित हूं। मानसिकता नहीं बदलेगी। अंत में बात टीम की आती है और मेरी प्राथमिकता टीम को जीत दिलाने में अपना योगदान देना रहेगी।”
चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय टीम दिसंबर २०२६ में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच एक बहु-प्रारूप (मल्टी-फॉर्मेट) द्विपक्षीय श्रृंखला खेली जाएगी। जेमिमा ने इस श्रृंखला को अत्यधिक प्रतिस्पर्धी बताया।
’द हंड्रेड २०२६’ में जेमिमा का अभियान चोट के कारण समय से पहले ही समाप्त हो गया था। २ मैचों में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं जेमिमा ने टूर्नामेंट में सदर्न ब्रेव को प्लेऑफ में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।










