बीजिंग: रूस के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी दानिल मेदवेदेव को नोवाक जोकोविच के खिलाफ चाइना ओपन के सेमीफाइनल मैच से अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही सर्बिया के दिग्गज खिलाड़ी ने पुरुष एकल के फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच के दूसरे सेट के दौरान मेदवेदेव द्वारा मारी गई गेंद स्टैंड में बैठे एक दर्शक को जा लगी। घटना के समय जोकोविच ७-५, ५-३ से आगे थे और मैच के लिए सर्विस कर रहे थे। उसी समय मेदवेदेव ने स्टैंड में गेंद मारी, जो अगली पंक्ति में बैठे एक दर्शक की बाईं आंख पर जा लगी। दर्शक को तुरंत इलाज के लिए कोर्ट से बाहर ले जाया गया। इस जीत के साथ जोकोविच ने चाइना ओपन में अपना असाधारण रिकॉर्ड बरकरार रखा है। टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक खेले गए सभी ३३ मैच जीते हैं। इस घटना ने २०२० अमेरिकी ओपन की यादें ताजा कर दीं, जब गलती से लाइन जज की गर्दन पर गेंद लग जाने के कारण जोकोविच को भी टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। जोकोविच २०१५ के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। उस समय उन्होंने इस टूर्नामेंट में अपना छठा खिताब जीता था। उन्होंने चाइना ओपन में २००९, २०१०, २०१२, २०१३, २०१४ और २०१५ में ट्रॉफी जीती है। जोकोविच अब पुरुष एकल के फाइनल में नौवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनौर का सामना करेंगे। ऑस्ट्रेलिया के डी मिनौर ने भी पूरा मैच खेले बिना ही फाइनल में जगह बनाई। उनके प्रतिद्वंद्वी पोलैंड के ह्यूबर्ट हर्काच चोट के कारण मैच छोड़ने पर मजबूर हो गए। जब हर्काच ने खेल छोड़ा, तब डी मिनौर मैच में ६-४, ३-२ से आगे थे। दूसरे सेट में हर्काच को कोर्ट पर दौड़ने में परेशानी हो रही थी, जिसके चलते उन्होंने आखिरकार मैच छोड़ने का फैसला किया।





