गुजरात टाइटन्स की जीत की हैट्रिक, केकेआर की पांचवीं हार

IMG-20260417-WA0071

अहमदाबाद: आईपीएल २०२६ के २५वें मैच में गुजरात टाइटन्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को ५ विकेट से पराजित किया। इस जीत के साथ गुजरात टाइटन्स ५ मैचों में ६ अंकों के साथ आईपीएल अंक तालिका के चौथे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर, केकेआर इस सीजन में अपनी पांचवीं हार के साथ केवल १ अंक लेकर दसवें तथा अंतिम स्थान पर बनी हुई है और उसने इस सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं जीता है।
​मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने निराशाजनक शुरुआत के बाद कैमरून ग्रीन के अर्धशतक की सहायता से २० ओवर में सभी विकेट खोकर १८० रन बनाए। ग्रीन ने लय हासिल करते हुए ५५ गेंदों में ७९ रन बनाए, जिसमें उन्होंने ७ चौके और ४ छक्के लगाए। इसके अलावा रोवमैन पॉवेल ने २७, ओपनर टिम साइफर्ट ने १९ और रमनदीप सिंह ने १७ रनों का योगदान दिया, जबकि रिंकू सिंह केवल १ रन बना सके और कप्तान अजिंक्य रहाणे खाता भी नहीं खोल पाए। गुजरात के गेंदबाजों में कगिसो रबाडा ने सर्वाधिक ३ विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा ने २-२ विकेट हासिल किए।
​जवाब में कप्तान शुभमन गिल के शानदार अर्धशतक की मदद से गुजरात टाइटन्स ने १९.४ ओवर में ५ विकेट खोकर १८१ रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान गिल ने ८ चौकों और ४ छक्कों की सहायता से ५० गेंदों पर सर्वाधिक ८६ रन बनाए। इसके अलावा जॉस बटलर ने २५, साई सुदर्शन ने २२ और ग्लेन फिलिप्स ने १९ रनों का योगदान दिया। राहुल तेवतिया ७ और शाहरुख खान ३ रन पर नाबाद रहे। केकेआर के गेंदबाजों में वरुण चक्रवर्ती ने सर्वाधिक २ विकेट लिए।

About Author

Advertisement