गायक जुबिन गर्ग की मौत पर सिंगापुर पुलिस की जांच पूरी, डूबने से हुई मौत की पुष्टि

Zubeen-Garg-hospitalized-after-chest-pain-at-film-premiere

सिंगापुर: सिंगापुर पुलिस बल (एसपीएफ) ने पुष्टि की है कि १९ सितंबर २०२५ को भारतीय गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले में जांच पूरी हो चुकी है। जांच में किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक कृत्य के सबूत नहीं मिले हैं।
बुधवार को जारी बयान में बताया गया कि सिंगापुर के ‘कोरोनर्स एक्ट, २०१०’ के तहत मामले की गहन जांच की गई, उपलब्ध सबूतों की समीक्षा की गई और सभी संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
एसपीएफ ने कहा कि यह बयान मीडिया के सवालों के जवाब में जारी किया गया है और आम लोगों से अपील की गई है कि वे ऐसी टिप्पणियों से बचें जो अदालत या न्यायिक प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाती हों।
जांच के अनुसार, गर्ग लाजरूस द्वीप के पास समुद्री क्षेत्र में एक यॉट (नौका) यात्रा पर थे। तैराकी के दौरान उन्होंने शुरुआत में लाइफ जैकेट पहनी थी, लेकिन बाद में उसे उतार दिया और बिना लाइफ जैकेट के ही नौका पर लौटे।
बयान के मुताबिक, दूसरी बार पानी में उतरते समय उन्होंने अकेले और नौका से दूर तैराकी की। लाइफ जैकेट की पेशकश के बावजूद उन्होंने उसे नहीं पहना। इसके बाद नौका की ओर लौटते समय उन्हें अचेत अवस्था में देखा गया।
नौका के कप्तान और अन्य सदस्यों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला और नौका पर लाकर ‘कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर)’ दिया। आपातकालीन कॉल के बाद ‘पुलिस कोस्ट गार्ड’ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
तट पर पहुंचने के बाद पराचिकित्सकों ने उनका उपचार किया और उन्हें एम्बुलेंस से सिंगापुर जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम और टॉक्सिकोलॉजी (विष विज्ञान) रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि उनकी मौत डूबने से हुई। जांच में उनके रक्त में एथेनॉल की उच्च मात्रा भी पाई गई।
इन सभी निष्कर्षों को राज्य के कोरोनर को सौंपा गया, जिन्होंने २५ मार्च २०२६ को इस मामले को ‘अचानक डूबने’ का मामला करार दिया। उन्होंने भी यह निष्कर्ष निकाला कि इसमें किसी प्रकार की साजिश या आपराधिक कृत्य शामिल नहीं था।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे यह संकेत मिले कि मौत दवाओं, नशीले पदार्थों या किसी एलर्जी के कारण हुई हो। साथ ही, पुलिस ने गायक के परिवार और उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

About Author

Advertisement