खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट

1000649581_1738551176

१५ हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, प्रधानमन्त्री के नाम से हुई पहली महाभिषेक पूजा

देहरादून: उत्तराखंड के प्रसिद्ध चारधामों में से एक भगवान बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार सुबह ६:१५ बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। सेना के बैंड की मधुर धुन और जय बद्री विशाल के जयघोष के बीच बद्रीशपुरी का पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कपाट खुलने के पहले ही दिन देश-विदेश से पहुंचे करीब १५ हजार भक्तों ने अखंड ज्योति और भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर पुण्य कमाया।
​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाट खुलने के अवसर पर मंदिर में उपस्थिति दर्ज कराई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न की। मुख्यमंत्री ने भगवान से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के गर्भगृह में उद्धव, गरुड़ और शंकराचार्य की गद्दी को स्थापित करने के साथ ही माता लक्ष्मी की मूर्ति की भी स्थापना की गई। मुख्यमंत्री धामी ने यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रद्धालुओं से ‘ग्रीन और क्लीन’ चारधाम यात्रा में सहयोग करने की भी अपील की।
​कपाट खुलने के इस ऐतिहासिक पल को और भी खास बनाया माणा और बमाणी गांव की महिलाओं के पारंपरिक झुमैलो नृत्य ने, जिसने बद्रीनाथ परिसर को लोक संस्कृति के रंगों से भर दिया। मुख्यमंत्री ने धाम में श्रद्धालुओं के लिए संचालित विशाल भंडारे का उद्घाटन किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों और वरिष्ठ धर्माधिकारियों सहित भारी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

About Author

Advertisement