कोलकाता समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश, बुधवार से तेजी की संभावना

rain-autumn-park-young-25-260nw-1328934950

कोलकाता: दक्षिण बंगाल में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही कोलकाता और आसपास के जिलों में रविवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान स्थानीय लोगों को इस बारिश से काफी राहत मिली है।
​लगातार हुई बारिश के कारण कोलकाता के धर्मतला, सियालदह, बेहाला सहित कई प्रमुख इलाकों की सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जबकि बाली अंडरपास में पानी का स्तर खतरनाक स्थिति तक पहुंच गया। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही निरंतर नमी वाली हवाओं के कारण दक्षिण बंगाल में अगले ४ से ५ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण २४ परगना सहित अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है।
​मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, जिससे तापमान में आंशिक बढ़ोतरी संभव है। हालांकि, बुधवार से कई जिलों में एक बार फिर गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधि तेज होने का अनुमान है। दूसरी ओर, उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरदुआर जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है, जबकि दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और सिक्किम में भी अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी गई है।

About Author

Advertisement