मैड्रिड: रियल सोसिदाद ने स्पेनिश फुटबॉल की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता कोपा डेल रे (किंग्स कप) का खिताब अपने नाम कर लिया है। शनिवार देर रात खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में रियल सोसिदाद ने एट्लेटिको मैड्रिड को पेनल्टी शूटआउट में ४-३ से पराजित किया।
यह रियल सोसिदाद के इतिहास का चौथा कोपा डेल रे खिताब है। इससे पहले टीम ने २०२१ में यह उपलब्धि हासिल की थी। निर्धारित और अतिरिक्त समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद मैच का निर्णय पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जहाँ रियल सोसिदाद ने धैर्यपूर्ण प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। पेनल्टी शूटआउट में एट्लेटिको मैड्रिड के स्टार खिलाड़ी एलेक्जेंडर सोरलॉथ और जूलियन अल्वारेज गोल करने से चूक गए, जो टीम की हार का मुख्य कारण बना।
पूरे मैच में ३६ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने के बावजूद रियल सोसिदाद ने आक्रामक शुरुआत की। खेल के पहले ही मिनट में एंडर बैरनेट्क्सिया ने गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी। हालांकि, १९वें मिनट में एडमोला लुचमैन ने गोल कर एट्लेटिको को बराबरी पर ला खड़ा किया। मध्यांतर से ठीक पहले इंजरी टाइम के पहले मिनट में अनुभवी फॉरवर्ड मिकेल ओयारजाबाल ने गोल कर सोसिदाद को फिर से २-१ से आगे कर दिया।
दूसरे हाफ में एट्लेटिको मैड्रिड ने वापसी के लिए लगातार हमले तेज किए। खेल के ८३वें मिनट में जूलियन अल्वारेज ने गोल कर स्कोर २-२ की बराबरी पर पहुँचाया। निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के कारण मैच अतिरिक्त समय में गया, लेकिन वहाँ भी कोई टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी। अंततः पेनल्टी शूटआउट में एट्लेटिको मैड्रिड दबाव झेलने में विफल रही और सोसिदाद ने खिताबी जीत हासिल की।











