केकेआर के खिलाफ मुंबई इंडियंस की ६ विकेट से जीत

IMG-20260329-WA0103

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) २०२६ के एक हाई स्कोरिंग मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को ६ विकेट से हरा दिया।
रविवार को खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने २० ओवर में ४ विकेट के नुकसान पर २२० रन का बड़ा स्कोर बनाया।
जवाब में मुंबई इंडियंस ने १९.१ ओवर में ४ विकेट खोकर २२४ रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। यह मुंबई इंडियंस के आईपीएल इतिहास का सबसे सफल रन चेज है।
मुंबई की जीत में ओपनर रायन रिकेल्टन और रोहित शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए ११.५ ओवर में १४८ रन की साझेदारी की। रिकेल्टन ने ४३ गेंदों पर ८१ रन बनाए, जबकि रोहित ने 38 गेंदों में ७८ रन की पारी खेली।
इन दोनों के आउट होने के बाद भी मुंबई को जीत दर्ज करने में ज्यादा मुश्किल नहीं हुई। कप्तान हार्दिक पांड्या १८ रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं सूर्यकुमार यादव ने १६, तिलक वर्मा ने २० और नमन धीर ने नाबाद ५ रन बनाए।
केकेआर की ओर से वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनिल नाराइन ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले केकेआर के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सबसे ज्यादा ६७ रन बनाए। उन्होंने फिन एलन के साथ पहले विकेट के लिए ६९ रन की साझेदारी की। एलन ने २७ गेंदों पर ३७ रन बनाए।
अंतिम ओवरों में अंगकृष रघुवंशी और रिंकु सिंह ने तेज बल्लेबाजी करते हुए टीम को २२० रन तक पहुंचाया। रघुवंशी ने २९ गेंदों में ५१ रन बनाए, जबकि रिंकु सिंह ३३ रन बनाकर नाबाद रहे। क्यामरन ग्रीन ने १८ रन का योगदान दिया।
मुंबई इंडियंस की ओर से शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा ३ विकेट लिए।

About Author

Advertisement