​केएल राहुल के साथ संजू सैमसन और सूर्यवंशी की तरह अन्याय हो रहा है: श्रीकांत का बड़ा बयान

IMG-20260721-WA0069

​नई दिल्ली: लार्ड्स में खेले गए तीसरे और निर्णायक एकदिवसीय (वनडे) मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों २७ रन से हार झेलने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने तीन मैचों की श्रृंखला १-२ से गंवा दी है। इस निराशाजनक हार के बाद भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता और १९८३ विश्व कप विजेता टीम के सदस्य कृष्णमाचारी श्रीकांत ने भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम प्रबंधन की तीखी आलोचना की है।
​श्रीकांत ने विशेष रूप से अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल के बल्लेबाजी क्रम पर सवाल उठाते हुए कहा है कि टीम मैनेजमेंट उनके साथ सरासर अन्याय कर रहा है।
​अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए श्रीकांत ने ३८७ रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए राहुल को छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजने के फैसले पर आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “३८७ रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोई केएल राहुल जैसे खिलाड़ी को छठे नंबर पर कैसे भेज सकता है? इस बल्लेबाज ने मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियों में भारत को कई मैच जिताए हैं। क्या राहुल ६ या ७ नंबर पर खेलने वाले बल्लेबाज हैं?”
​पूर्व मुख्य चयनकर्ता ने आरोप लगाया कि राहुल के साथ भी संजू सैमसन और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जैसा ही व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जिस तरह संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी का नुकसान हुआ, वही अब राहुल के साथ हो रहा है। टीम मैनेजमेंट राहुल के साथ न्याय नहीं कर रहा है। मैच के दौरान उनकी बॉडी लैंग्वेज भी डरी हुई सी लग रही थी।”
​श्रीकांत के अनुसार, राहुल को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जाना चाहिए था, जहां वे विराट कोहली के साथ मिलकर पारी को संभाल सकते थे। श्रीकांत ने आगे कहा, “भारत को उस वक्त जोस बटलर जैसी पारी खेलने वाले खिलाड़ी की जरूरत थी। चौथे नंबर पर आकर राहुल कोहली के साथ बड़ी साझेदारी निभा सकते थे, जैसा कि उन्होंने २०२३ विश्व कप में कई बार किया था। लेकिन जब राहुल क्रीज पर आए, तब तक मैच हाथ से लगभग निकल चुका था। उस समय प्रति ओवर १५ रन चाहिए थे और क्रीज पर उनके साथ अक्षर पटेल थे, जहां से मैच जीतना लगभग नामुमकिन था।”
​गौरतलब है कि २०२३ के वनडे विश्व कप में केएल राहुल ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए १० पारियों में ४५२ रन बनाए थे। हालांकि, गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद से राहुल को अधिकांश मैचों में छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जा रहा है, जिसे लेकर अब पूर्व दिग्गजों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

About Author

Advertisement