​कुसल मेंडिस की कप्तानी में श्रीलंकाई टेस्ट टीम की घोषणा

IMG-20261013-WA0060

​कोलंबो: पाकिस्तान दौरे पर खेली जाने वाली २ टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंकाई टीम की घोषणा कर दी गई। इस १५ सदस्यीय टीम में अधिकांश वही खिलाड़ी शामिल हैं, जो भारत के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज का हिस्सा थे। इस बीच श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने टेस्ट प्रारूप में कप्तान बदल दिया है। धनंजय डी सिल्वा से कप्तानी छीन ली गई है। उनके स्थान पर कुसल मेंडिस को टेस्ट टीम का नया कप्तान बनाया गया है।
​वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दृष्टिकोण से यह सीरीज श्रीलंका के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि हार उन्हें फाइनल की रेस से दूर कर देगी। वहीं, डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में पाकिस्तान की स्थिति सबसे खराब है। श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत ९ नवंबर से होगी। पहला टेस्ट मैच रावलपिंडी में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट मैच १७ नवंबर से लाहौर में खेला जाएगा।
​फिलहाल श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच ३ टी२० मैचों की सीरीज चल रही है। पाकिस्तान ने ९ अक्टूबर को खेले गए पहले टी२० मैच में ४ विकेट से जीत हासिल की थी। वहीं दूसरे टी२० मैच में भी पाकिस्तान ने श्रीलंका को ८२ रनों से पराजित किया था। सीरीज का तीसरा तथा अंतिम टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच मंगलवार को खेला जाएगा।
​श्रीलंकाई टेस्ट टीम में पथुम निसांका को भी शामिल किया गया है, हालांकि उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी। मध्यक्रम की जिम्मेदारी पसिंदू सूरियाबंदारा, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, धनंजय और सोनल दिनुषा पर रहेगी। सोनल ने भारत के खिलाफ २ टेस्ट मैचों की सीरीज में सभी को प्रभावित किया था और ४ पारियों में ३ शतक बनाए थे।
​स्पिन आक्रमण की जिम्मेदारी एक बार फिर प्रभात जयसूर्या और केशारा नुवांता के कंधों पर होगी। वहीं पेस (तेज) आक्रमण में लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो मोर्चा संभालेंगे। दिलशान मदुशंका और ईशान मलिंगा की भी टेस्ट टीम में वापसी हुई है।
​भारत के खिलाफ सीरीज में मिली हार से श्रीलंकाई टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में नुकसान उठाना पड़ा है। टीम फिलहाल ६ मैचों में १ जीत और २ हार के साथ सातवें स्थान पर है। उनके पास २४ अंक हैं और अंक प्रतिशत ३३.३३ है। वहीं पाकिस्तान ९ टेस्ट मैचों में २ जीत और ७ हार के साथ तालिका में सबसे नीचे नौवें स्थान पर है। पाकिस्तान के पास केवल ५ अंक हैं और अंक प्रतिशत ४.६३ है। भारत ११ टेस्ट मैचों में ५ जीत और ४ हार के साथ पांचवें स्थान पर है। भारत के पास ६८ अंक हैं और अंक प्रतिशत ५१.५२ है।
​पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए श्रीलंका की टेस्ट टीम इस प्रकार है:
कुसल मेंडिस (कप्तान), पथुम निसांका, पसिंदू सूरियाबंदारा, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, सोनल दिनुषा, धनंजय डी सिल्वा, अंजलि बंदारा, केशरा नुवांता, प्रभात जयसूर्या, मिलान रथनायके, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका और ईशान मलिंगा।

About Author

Advertisement