नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए मौसम में बड़े बदलाव की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों में अगले तीन से चार दिनों तक लू चलने की संभावना है। इसके साथ ही देश के १२ राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में २५ से २८ अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन राज्यों में हवाओं की गति ५० से ७० किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। झारखंड में २६ अप्रैल को ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में इस सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश सहित कई क्षेत्रों में लगातार बारिश के साथ तेज तूफानी स्थिति बनने की आशंका है।
कई राज्यों में लू का प्रकोप जारी:
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तापमान ४० से ४४ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कई स्थानों पर रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिलेगी।
दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मौसम:
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में २५ अप्रैल को तापमान ४२ से ४४ डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। यहां लू के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। २७ अप्रैल के आसपास हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव संभव है।
उत्तर प्रदेश और बिहार का हाल:
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी जारी रहेगी और कई जिलों में तापमान ४४ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। २८ अप्रैल के बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश से राहत मिलने की संभावना है।
बिहार में २४ और २५ अप्रैल को लू का असर रहेगा, जबकि २६ और २७ अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है। कई जिलों में तूफानी हवाओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
अन्य राज्यों का मौसम:
पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे तेज धूप और लू से बचाव करें तथा आवश्यक सावधानी बरतें, विशेषकर दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें।










