करियर के ९००वें गोल तक पहुँचे लियोनल मेस्सी, फुटबॉल इतिहास में दर्ज हुआ नया अध्याय

IMG-20260319-WA0080

मियामी: विश्व फुटबॉल के महान खिलाड़ियों में शामिल लियोनल मेस्सी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने आधिकारिक मैचों में अपने करियर के ९०० गोल पूरे कर लिए हैं और इस उपलब्धि तक पहुँचने वाले वे क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद दुनिया के दूसरे पुरुष फुटबॉलर बन गए हैं।
यह खास उपलब्धि उन्होंने इंटर मियामी की ओर से खेलते हुए कॉनकाकाफ चैंपियंस कप में नैशविल के खिलाफ मैच के दौरान हासिल की। इस उपलब्धि के साथ मेस्सी अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी रोनाल्डो के विशेष क्लब में शामिल हो गए हैं। रोनाल्डो ने सितंबर २०२४ में ९०० गोल का आंकड़ा पार किया था।
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल इतिहास एवं सांख्यिकी महासंघ (आईएफएफएचएस) के अनुसार रोनाल्डो ९६५ गोल के साथ १००० गोल के आंकड़े की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं मेस्सी ने ९०० गोल तक पहुँचने का सबसे तेज़ रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। उन्होंने यह उपलब्धि ११४२ मैचों में हासिल की, जबकि रोनाल्डो को इस मुकाम तक पहुँचने में १२३६ मैच लगे थे।
सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में ब्राज़ील के महान फुटबॉलर पेले ७६२ गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं। नैशविल के खिलाफ मैच में मेस्सी ने गोल किया, लेकिन उनकी टीम इंटर मियामी को जीत नहीं दिला सके। मैच १-१ से ड्रॉ रहा और अवे गोल नियम के कारण इंटर मियामी टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
मेस्सी ने अपने शानदार करियर में सबसे अधिक गोल एफसी बार्सिलोना के लिए किए हैं। उन्होंने बार्सिलोना के लिए ७७८ मैचों में ६७२ गोल दागे। इसके अलावा पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) के लिए ७५ मैचों में ३२ गोल और इंटर मियामी के लिए अब तक ८१ गोल कर चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने अर्जेंटीना के लिए ११५ गोल किए हैं और उनकी कप्तानी में टीम ने २०२२ फीफा वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। वर्ष २०१२ मेस्सी के करियर का सबसे यादगार साल रहा, जब उन्होंने क्लब और देश मिलाकर ९१ गोल किए थे, जो आज भी फुटबॉल इतिहास का एक अद्वितीय रिकॉर्ड माना जाता है।

About Author

Advertisement