कप्तान सूर्यकुमार यादव की शानदार कप्तानी में भारत ने अमेरिका को २९ रन से हराया

IMG-20260208-WA0051

मुंबई: भारत ने आईसीसी पुरुष टी२० विश्व कप में अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को २९ रन से हराया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए ग्रुप ए के इस मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की। भारतीय टीम की शुरुआत काफी निराशाजनक रही, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद अर्धशतकीय पारी (८४ रन, ४९ गेंदों पर) ने टीम को १६१ रन तक पहुंचाया। भारत ने २० ओवर में ९ विकेट खोकर यह स्कोर बनाया।
अमेरिका के खिलाफ भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद, छठे ओवर में ३ बल्लेबाजों के आउट होने से भारत का स्कोर 4 विकेट पर ४६ रन था। शाडली वान शाल्कविक ने इस दौरान इशान किशन (२०), तिलक वर्मा (२५) और शिवम दुबे को एक ही ओवर में आउट किया। दुबे खाता भी नहीं खोल पाए।
फिर सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और ८४ रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने अपनी पारी में १० चौके और ४ छक्के लगाए। रिंकू सिंह ६ रन, हार्दिक पांड्या ५ रन और अक्षर पटेल १४ रन बनाकर आउट हो गए। अमेरिकी गेंदबाजों में शाल्कविक ने ४ विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम भी दबाव में दिखी और १३ रन पर ३ विकेट खो दिए। हालांकि, मिलिन्द कुमार (३४), संजय प्रसाद कृष्णमूर्ति (३७) और शुभम रंजन (३७) ने कुछ संघर्ष किया, लेकिन टीम को हार से बचाने में सफल नहीं हो सके। भारतीय गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज ने सबसे अधिक ३ विकेट लिए और भारत की जीत में अहम योगदान दिया।
कप्तान सूर्यकुमार यादव को उनकी शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।

About Author

Advertisement