ऋषभ पंत १५ करोड़ में दिल्ली कैपिटल्स में शामिल, कुलदीप एलएसजी में

IMG-20260623-WA0080

​नई दिल्ली: आईपीएल २०२७ शुरू होने में अभी काफी समय है, लेकिन उससे पहले एक बड़े ट्रेड ने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है। दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच हुए हाई-प्रोफाइल खिलाड़ियों के अदला-बदली (ट्रेड) में ऋषभ पंत अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में लौट रहे हैं। वहीं, स्टार स्पिनर कुलदीप यादव दिल्ली छोड़कर एलएसजी की जर्सी पहनेंगे।
​इस ट्रेड में सबसे ज्यादा चर्चा पंत की सैलरी को लेकर हो रही है। आईपीएल के अनुसार पंत १५ करोड़ रुपये में दिल्ली कैपिटल्स में शामिल हुए हैं, जबकि लखनऊ में उनकी सैलरी रिकॉर्ड २७ करोड़ रुपये थी। उन्हें आईपीएल २०२५ की नीलामी में एलएसजी ने रिकॉर्ड २७ करोड़ रुपये में खरीदा था, जिससे वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बने थे।
​लखनऊ की फ्रेंचाइजी ने पंत को टीम का कप्तान भी बनाया था, लेकिन पिछले २ सीजन में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम से रिलीज कर दिया गया है। इससे पहले लखनऊ ने पूर्व कप्तान केएल राहुल के साथ भी ऐसा ही किया था। दिल्ली कैपिटल्स में लौटने पर पंत की सैलरी में १२ करोड़ रुपये की भारी कटौती होगी। वहीं, लखनऊ ने कुलदीप को १३.५ करोड़ रुपये में हासिल किया है।
​दिल्ली कैपिटल्स पंत को फिर से कप्तान नियुक्त कर सकती है। पिछले २ सीजन में अक्षर पटेल ने टीम की कप्तानी की थी, लेकिन दिल्ली का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। पंत का दिल्ली कैपिटल्स के साथ पुराना और गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने दिल्ली फ्रेंचाइजी के साथ ही अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और बाद में टीम के कप्तान भी बने।
​वह २०१६ से २०२४ तक लगातार ९ सीजन इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे और इस दौरान उन्होंने १११ मैच खेले, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले गए सबसे ज्यादा मैच हैं। पंत ने २०२१ से २०२४ तक ४ सीजन के ४३ मैचों में टीम की कप्तानी की। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता के कारण वह लंबे समय तक दिल्ली की पहचान बने रहे। कार दुर्घटना और खेल में वापसी के बाद वह एलएसजी में शामिल हुए थे, लेकिन एक बार फिर वह अपनी पसंदीदा फ्रेंचाइजी में लौट आए हैं।
​दूसरी ओर, कुलदीप यादव का भी दिल्ली कैपिटल्स के साथ सफर असाधारण रहा। २०२२ में फ्रेंचाइजी में शामिल होने के बाद उन्होंने ५ सीजन में ६५ मैच खेलकर ७२ विकेट हासिल किए। इस अवधि के दौरान कुलदीप आईपीएल के सबसे प्रभावशाली स्पिनरों में शुमार रहे। इस बार वह १३.५० करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस पर लखनऊ फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने हैं।

About Author

Advertisement