नई दिल्ली: ईरान के लिए फीफा विश्व कप २०२६ में हिस्सा लेना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। ईरान फुटबॉल महासंघ ने सुरक्षा चिंताओं के कारण अमेरिका में खेले जाने वाले अपने मैचों को मेक्सिको में स्थानांतरित करने के लिए फीफा से बातचीत शुरू कर दी है।
ईरान फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मेहदी ताज ने सुरक्षा आश्वासन को एक बड़ा मुद्दा बताया है। ताज ने मेक्सिको में ईरानी दूतावास के सोशल मीडिया मंच पर साझा किए गए एक पोस्ट में कहा कि जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प स्वयं यह कह रहे हैं कि वे ईरानी राष्ट्रीय टीम की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते, तो हम निश्चित रूप से अमेरिका नहीं जाएंगे। हम ईरान के विश्व कप मैचों को मेक्सिको में कराने के लिए फीफा से बातचीत कर रहे हैं।
पिछले फरवरी के अंत में अमेरिका और इज़राइल के हमलों तथा ईरान की जवाबी कार्रवाई के कारण मध्य-पूर्व क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया है। ईरान के खेल मंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय टीम के विश्व कप में हिस्सा न ले पाने की संभावना भी जताई थी।
इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि विश्व कप के लिए ईरान की टीम का स्वागत किया जाएगा, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए अमेरिका में खेलना उचित नहीं होगा।
विश्व कप २०२६ का आयोजन अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा संयुक्त रूप से करेंगे, और इस टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 48 देश हिस्सा लेंगे। वर्तमान कार्यक्रम के अनुसार, ईरान को ग्रुप चरण के अपने तीनों मैच अमेरिका में (लॉस एंजिलिस में दो और सिएटल में एक) खेलने हैं। इसी कारण ईरान इन मैचों को मेक्सिको में आयोजित करना चाहता है।










