ईरानी सर्वोच्च नेता खामेनेई का अंतिम संस्कार शुरू, तेहरान की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

ali-khamenei_medium_1201_23

तेहरान: अमेरिका और इजरायल के हमलों में मारे गए ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का कई दिनों तक चलने वाला अंतिम संस्कार कार्यक्रम शनिवार से राजधानी तेहरान में शुरू हो गया है। फरवरी में ईरान युद्ध की शुरुआत के दौरान हुए हवाई हमले में ८६ वर्षीय खामेनेई की मौत हो गई थी। खामेनेई के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए तेहरान स्थित ‘ग्रैंड मोसल्ला’ में रखा गया है। शनिवार तड़के से ही काले कपड़े पहने लाखों शोकाकुल लोग तेहरान की सड़कों पर पैदल आगे बढ़ते हुए ग्रैंड मोसल्ला की तरफ जाते नजर आए। इस दौरान सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रही।
​अंतिम विदाई में शामिल लोगों के हाथों में बैनर और झंडे थे, वहीं पुरुषों की भारी भीड़ लयबद्ध तरीके से अपनी छाती पीटकर शिया परंपरा के अनुसार शोक व्यक्त कर रही थी। शोक मना रहे लोगों ने ‘खून के बदले खून’ और ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ के नारे लगाकर अपनी गहरी नाराजगी भी जताई। इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साउथ डकोटा में माउंट रशमोर के सामने आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका ने ईरान को भारी नुकसान पहुंचाया है और वे समझौता करने के लिए बेचैन हैं।
ट्रंप ने कहा कि हमने अंतिम संस्कार के लिए उन्हें एक सप्ताह की मोहलत दी है। ईरान ने अंतिम संस्कार कार्यक्रम शुरू करने के लिए जानबूझकर ४ जुलाई का दिन चुना, जब अमेरिका अपनी स्थापना की २५०वीं वर्षगांठ मना रहा है।
​खामेनेई के पार्थिव शरीर को ईरान और पड़ोसी देश इराक के विभिन्न शहरों में ले जाया जाएगा, जिसके चलते अधिकारियों ने शोक कार्यक्रमों के लिए तेहरान में सड़कों और हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे या नहीं, क्योंकि इजरायल ने मुजतबा खामेनेई को भी मारने की कई बार धमकी दी है। इस तनाव के बीच ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने गुरुवार को चेतावनी जारी करते हुए इजरायल और अमेरिका से कहा है कि वे आने वाले दिनों में कोई गलत आकलन करने की भूल न करें।

About Author

Advertisement