कंसास सिटी: फीफा वर्ल्ड कप २०२६ में कुराकाओ ने जुझारू प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अमेरिकी देश इक्वेडोर को गोलरहित ड्रॉ (०-०) पर रोक दिया। कंसास सिटी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप ई के इस मुकाबले में पूरी तरह इक्वेडोर का दबदबा रहा। मैच में ७५ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली इक्वेडोर की टीम ने लगातार आक्रमण किए और कैरेबियाई देश कुराकाओ की रक्षापंक्ति (डिफेंस) को पूरे समय व्यस्त रखा।
पूरे मैच के दौरान इक्वेडोर ने १४ बार कुराकाओ के गोल पोस्ट पर हमले किए, लेकिन उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी। इस बीच टीम ने गोल करने के कुछ बेहद करीबी मौके भी गंवाए। अपने पहले मैच में जर्मनी के खिलाफ १-७ से करारी शिकस्त झेलने वाली कुराकाओ की टीम ने इस मैच में जबरदस्त वापसी की। टीम भले ही मैच में कोई गोल नहीं कर सकी, लेकिन उसने इक्वेडोर जैसी मजबूत टीम को भी गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।
निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें गोल करने में असफल रहीं, जिसके कारण मुकाबला ड्रॉ पर छूटा और दोनों टीमों को १-१ अंक से संतोष करना पड़ा। इस ड्रॉ के बाद इक्वेडोर और कुराकाओ दोनों के लिए ही नॉकआउट राउंड में पहुंचने की राह बेहद कठिन हो गई है। ग्रुप ई से जर्मनी की टीम दो मैचों में ६ अंकों के साथ शीर्ष पर रहते हुए एक मैच बाकी रहते ही नॉकआउट राउंड में अपनी जगह सुरक्षित कर चुकी है। वहीं, दूसरे स्थान पर काबिज आइवरी कोस्ट के पास ३ अंक हैं।










