इंदौर: इंदौर में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को चार्ज करते समय हुए विस्फोट के बाद लगी आग में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई।
यह घटना बुधवार तड़के ३:३० से ४:३० बजे के बीच ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी स्थित एक तीन मंजिला मकान में हुई। हादसे में दो बच्चों और तीन महिलाओं समेत आठ लोगों की जान गई।
मृतकों की पहचान तन्मय (६), राशि सेठिया (१२), सिमरन (३०), टीनू (३५), सुमन सेठिया (६०), विजय सेठिया (६५), छोटू सेठिया (२२) और मनोज (६५) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मकान के बाहर खड़ी कार को चार्ज किया जा रहा था, तभी चार्जिंग प्वाइंट में विस्फोट हुआ। इसके बाद कार में लगी आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई।
मकान के दरवाजों पर इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगे होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कत आई। वहीं घर के अंदर रखे गैस सिलेंडरों में भी विस्फोट होने से आग और भी भयानक हो गई।
घटना के दौरान घर में मौजूद करीब १० लोगों में से तीन को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल भेज दिया गया।
घटना के बाद राज्य सरकार ने मामले की विस्तृत जांच के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने और ईवी चार्जिंग के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने की घोषणा की है।









